पेट में गैस बनने से हो चुके हैं परेशान तो इन होम रेमेडीज की मदद लीजिए, जल्दी मिलेगा आराम

Bloating stomach tips:स्वस्थ शरीर के लिए स्वस्थ और स्मूद पाचन बहुत जरूरी माना गया है। हम जो भी भोजन करते हैं वो पेट में जाकर पाचन तंत्र के जरिए पचता है। लेकिन कई बार भोजन सही से नहीं पच पाता और पेट में गैस बनने लगती है। इस स्थिति में पेट फूलने लगता है और […]

Date Updated
फॉलो करें:

Bloating stomach tips:स्वस्थ शरीर के लिए स्वस्थ और स्मूद पाचन बहुत जरूरी माना गया है। हम जो भी भोजन करते हैं वो पेट में जाकर पाचन तंत्र के जरिए पचता है। लेकिन कई बार भोजन सही से नहीं पच पाता और पेट में गैस बनने लगती है। इस स्थिति में पेट फूलने लगता है और अफारा रहता है। दरअसल आजकल लोग स्वस्थ डाइट को फॉलो नहीं कर पाते और अंट शंट भोजन करते हैं, इसके अलावा लाइफस्टाइल में भी फिजिकल फिटनेस नहीं रही है,ऐसे में शरीर में बहुत सी परेशानियां होने लगती है जिसमें पेट फूलना यानी पेट में गैस बनना भी शामिल है। ऐसे में लोग गैस की दवा खा तो लेते हैं लेकिन कई बार वो कारगर साबित नहीं होती। दवा की बजाय अगर हम कुछ घरेलू नुस्खों की बात करें तो गैस की परेशानी हल हो सकती है। चलिए जानते हैं ऐसे ही कुछ कारगर घरेलू नुस्खे जो पेट की गैस में आराम देकर पाचन तंत्र को मजबूत और स्मूद करने में मददगार साबित होते हैं।

क्यों फूलने लगता है पेट
आयुर्वेद में पेट में गैस बनने का कारण एसिडिक भोजन को बताया गया है। दरअसल पेट में म्यूकोसा नामक अंदरूनी परत होती है। इस परत में कई छोटी-छोटी ग्रन्थियां बनी होती हैं, जो खाने को हजम करने के लिए पेट में जरूरी एसिड और पेप्सिन नामक एंजाइम का उत्पादन करती है। ये एसिड भोजन को सही तरीके से पचाता है। वहीं पेप्सिन नामक एंजाइम प्रोटीन को हजम करने का काम करता है। जब अंदरूनी परत यानी म्यूकोसा में सूजन आ जाती है, तो पेट में गैस बनने लगती है। खाना पचाने वाली और प्रोटीन को हजम करने वाले एंजाइम इस वजह से कम बनते हैं और पेट फूलने लगता है। इस वजह से भोजन सही तरीके से नहीं पच पाता और अपच, एसिडिटी, मरोड़ आदि की भी समस्या होने लगती है। कई बार कब्ज की वजह से भोजन बड़ी आंत में देर तक पड़ा रहता है जिसकी वजह से गैस बनती है और पेट फूलने लगता है।

पेट में गैस खत्म करने वाले घरेलू नुस्खे

काली मिर्च से गैस में होगा फायदा
काली मिर्च बस देखने में ही छोटी लगती है, पेट संबंधी परेशानियों में इसके विशाल फायदे हैं। काली मिर्च के सेवन से शरीर में लार और गैस्ट्रिक जूस की मात्रा में इजाफा होता है और इसकी मदद से पाचन की प्रोसेस स्मूद हो जाती है। काली मिर्च को पीस कर काले नमक के साथ हलके गर्म पानी के साथ सेवन करने से पेट में गैस और ब्लोटिंग की दिक्कत जल्द ही दूर हो जाएगी।

गर्म पानी से होगा फायदा
पेट की गैस और ब्लोटिंग को दूर करने के लिए पानी और खासतौर पर गुनगुना पानी एक रामबाण इलाज कहा जा सकता है। हल्का गर्म पानी पीने से पाचन तंत्र स्मूद होता है और रुकी हुई पाचन प्रोसेस शुरू हो जाती है और भोजन पचने लगता है। अगर पेट में ज्यादा गैस बनती है तो हल्के गर्म पानी में थोड़ी सी अजवाइन या फिर जीरा भूनकर डाल लें। इस पानी को पीने से आपका पाचन तंत्र ठीक हो जाएगा और गैस की समस्या में आराम मिलेगा।

अजवायन से होगा फायदा
पेट में अफारा होने पर मां अक्सर अजवायन की फंकी देती है। जी हां, अजवायन पेट में गैस और ब्लोटिंग का राणबाण इलाज कही जाती है। इसके सेवन से अफारे में आराम मिलता है और भोजन सही से पच जाता है। पेट में दर्द होने काले नमक और जरा सी हींग के साथ अजवायन की फंकी लेने पर काफी आराम मिलता है।

अदरक का रस निकाल देगा गैस
अदरक किचन का ऐसा मसाला है जिसे पेट संबंधी हर समस्या में लिया जा सकता है। दरअसल अदरक में जिन्जेरॉल्स और श्गॉल्स एंजाइम होते हैं जो पेट के अंदर तक जाकर उसकी पूरी सफाई करने में मदद करते हैं। अदरक के सेवन से पेट में अनपचा खाना पचता है और शरीर के टॉक्सिन बाहर निकल जाते हैं। एसिडिटी और ब्लोटिंग की समस्या होने पर काले नमक में अदरक का रस मिलाकर सेवन करने से काफी आराम होगा। बेहतर रिजल्ट के लिए इस रस को गर्म पानी के साथ पीना चाहिए।

सौंफ
भोजन के बाद अक्सर सौंफ चबाने की सलाह दी जाती है। होटल रेस्टोरेंट और पार्टीज आदि में भी भोजन के बाद सौंफ खाने के लिए दी जाती है। दरअसल सौंफ भोजन को अच्छी तरह पचाने में मदद करती है। ये ना केवल माउथ फ्रेशनर का काम करती है बल्कि इसके सेवन से पेट में एसिड नहीं बनता और गैस की समस्या में काफी आराम मिलता है। भोजन करने के बाद जरा सी सौंफ मिश्री के साथ खाई जाए तो काफी फायदा करती है।